अतीत की यादें, वर्तमान का संकल्प: मित्रों ने अन्न दान कर बनाए रखी दिवंगत साथी जैकी की पुण्य स्मृति
बिलासपुर। वर्तमान परिवेश में जहाँ रिश्ते अपनी ग्राह्यता के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं और अपनों से अपने दूर होते जा रहे हैं, वहीं बिलासपुर में सच्ची मित्रता की एक अनुकरणीय मिसाल देखने को मिली। एक सड़क दुर्घटना में असमय काल के गाल में समा चुके चकरभाटा निवासी युवा जैकी गेही की पुण्यतिथि पर उनके मित्रों ने उनकी स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए एक सराहनीय पहल की। ज्येष्ठ मास की द्वितीया के पावन अवसर पर स्थानीय हाईटेक बस स्टैंड पर विशाल अन्न व जल दान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

दिवंगत जैकी गेही के अभिन्न मित्र अमित हरियानी ने अपने परिजनों—संजना हरियानी, वान्या, रुही और अनाया चावला के साथ मिलकर इस पुनीत कार्य की शुरुआत की। इस सेवा कार्य में शहर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था ‘हंगर फ्री बिलासपुर’ का विशेष सहयोग रहा।
संस्था के संस्थापक सतराम जेठमलानी के नेतृत्व में चंदर मंगतानी, विकास घई, रेखा आहुजा, माधव मुजुमदार, महेंद्र माखीजा और ‘ऑक्सीजन मैन’ के नाम से प्रख्यात राजेश खरे ने सक्रिय भूमिका निभाई। भीषण गर्मी को देखते हुए हाईटेक बस स्टैंड पर आने-जाने वाले सैकड़ों यात्रियों और राहगीरों को आदरपूर्वक भोजन प्रसाद, शीतल जल और छाछ का वितरण किया गया।
“सच्ची मित्रता केवल जीवित रहते तक ही नहीं, बल्कि साथी के चले जाने के बाद भी निभाई जाती है। जैकी हमेशा हमारे दिलों में रहेगा।”
अमित हरियानी, दिवंगत जैकी के मित्र
इस भावुक और सेवामयी अवसर पर उपस्थित सभी परिजनों, मित्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से दिवंगत मृतात्मा की शांति और मोक्ष प्राप्ति की प्रार्थना की। मित्रों के इस निस्वार्थ प्रयास की बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।


