वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की एक्टीवा सहित नाबालिग आरोपी सरकंडा पुलिस की गिरफ्त में
बिलासपुर पुलिस द्वारा अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना सरकंडा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान चोरी की एक सफेद रंग की एक्टीवा स्कूटी बरामद कर एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को पकड़ा है।
मामले के अनुसार, प्रार्थिया संगीता साहू (निवासी बहतराई) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 मई 2026 की रात श्री धाम कालोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान से उनकी एक्टीवा (CG 10 NB 4622) चोरी हो गई थी।
दिनांक 02.06.2026 को विशेष चेकिंग पॉइंट के दौरान पुलिस ने उक्त स्कूटी पर सवार एक संदिग्ध बालक को रोका। दस्तावेज़ न होने और गोलमोल जवाब देने पर जब वाहन के नंबरों का मिलान किया गया, तो वह बहतराई से चोरी हुई एक्टीवा निकली। पूछताछ में अपचारी बालक ने चोरी की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने करीब 10,000 रुपये कीमत की स्कूटी जप्त कर बालक के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की है।


