बीमारी से तंग आकर ग्राम बैमा में महिला ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
बिल्हा/बिलासपुर: जनपद पंचायत बिल्हा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत बैमा (नागोई) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ 40 वर्षीय महिला राजकुमारी गढ़ेवाल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतिका के ससुर भारत लाल गढ़ेवाल ने बताया कि राजकुमारी पिछले 8 महीनों से गंभीर रूप से बीमार थी। किम्स (KIMS) अस्पताल में जांच के दौरान पता चला था कि उसकी बच्चेदानी में इंफेक्शन (संक्रमण) है, जिसके असहनीय पेट दर्द के कारण उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी। वह मानसिक रूप से इतनी परेशान रहने लगी थी कि उसने करीब एक महीने पहले चूहा मारने की दवा भी खा ली थी, जिसके बाद डॉक्टर ललित पटेल से उनका इलाज कराया गया था।
आज सुबह करीब 5:00 बजे जब राजेंद्र गढ़ेवाल की मां शांति बाई आंगन में झाड़ू लगाने उठीं, तब उन्होंने राजकुमारी को सामने वाले मकान में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी पर लटके हुए देखा। परिजनों ने तुरंत उपसरपंच संजय पांडे और ग्रामीणों को सूचित किया। घटना की जानकारी तत्काल स्थानीय सरकंडा थाना को दी गई।
करीब 8:30 बजे पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे और प्राथमिक कार्रवाई करते हुए घटना वाले कमरे को सील (ताला) कर दिया है। उच्च अधिकारियों के आगमन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
