लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा ने ग्रामीण क्षेत्र में लगाया स्वास्थ्य शिविर, हंगर सेवा के तहत 100 लोगों को कराया भोजन
- ‘महिला स्वावलंबन’ प्रोजेक्ट के तहत 100 ग्रामीण महिलाओं की हुई बीपी, शुगर, विटामिन और हीमोग्लोबिन जांच
- डॉ. अपर्णा मिश्रा और उनकी टीम के सहयोग से ग्राम पोंसरा में हुआ सफल आयोजन
बिलासपुर:लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को सेहत के प्रति जागरूक करने और समाज के जरूरतमंद तबके की सेवा के उद्देश्य से बेमानगोई रोड, ग्राम पोंसरा स्थित आयुष्मान आयुर्वेदिक संस्थान में एक विशाल स्वास्थ्य शिविर एवं हंगर सेवा का आयोजन किया गया। यह आयोजन क्लब की नवनिर्वाचित अध्यक्ष पीएमजेएफ (PMJF) संजना मिश्रा की अध्यक्षता, सचिव मंजू मिश्रा और कोषाध्यक्ष गायत्री कश्यप के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

100 ग्रामीण महिलाओं की हुई नि:शुल्क जांच
क्लब के स्थाई प्रोजेक्ट ‘महिला स्वावलंबन’ के अंतर्गत विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं के लिए इस स्वास्थ्य शिविर को डिजाइन किया गया था। शिविर में डॉ. अपर्णा मिश्रा एवं उनकी विशेषज्ञ टीम के सहयोग से 100 से अधिक महिलाओं के ब्लड प्रेशर (BP), शुगर, विटामिन और हीमोग्लोबिन की नि:शुल्क जांच की गई।
इस अवसर पर अध्यक्ष संजना मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सही खान-पान न होने की वजह से महिलाओं में हीमोग्लोबिन और विटामिन की कमी होना आम बात है। चूंकि महिलाएं ही परिवार की मुख्य धुरी होती हैं, इसलिए उनका स्वस्थ होना सबसे जरूरी है। क्लब की सचिव मंजू मिश्रा ने इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए जिम्मेदारी ली कि वसुंधरा परिवार द्वारा पूरे वर्ष ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के लिए ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का निरंतर आयोजन किया जाएगा।

हंगर सेवा के तहत बांटे गए भोजन के पैकेट
स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ क्लब ने अपने डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट ‘हंगर सेवा’ का भी आयोजन किया। लोगों को स्वस्थ शरीर के लिए पौष्टिक भोजन का महत्व समझाते हुए विनीता मिश्रा के विशेष सहयोग से भोजन के पैकेट वितरित किए गए। शिविर में पहुंचे बच्चों, महिलाओं, क्षेत्र के मजदूरों और संस्थान के स्टाफ सहित 100 लोगों को भोजन कराया गया।
चिकित्सक टीम का हुआ सम्मान
सफल आयोजन के बाद क्लब की अध्यक्ष संजना मिश्रा, सचिव मंजू मिश्रा और कोषाध्यक्ष गायत्री कश्यप ने डॉ. अपर्णा मिश्रा को स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और भविष्य में भी इस तरह के जनहित के कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया।
इस सेवा कार्य में मुख्य रूप से जोन चेयरपर्सन रश्मि लता मिश्रा, रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी सहित क्लब की सदस्य सुधा परिहार, सलमा बेगम, मंजू तिवारी, उषा मुदलियार और सीता तिवारी उपस्थित रहीं और अपना सक्रिय योगदान दिया।



