उमाशंकर साहु की खास खबर
कोडापुरी के किसानों ने उठाई मांग: नई शाखा समिति में ही मिले खाद-बीज और केसीसी की सुविधा, जनप्रतिनिधियों व प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
बिलासपुर/तखतपुर। तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोडापुरी के किसानों ने नवीन कृषि शाखा सहकारी समिति (पंजीयन क्रमांक 814) में खाद, बीज एवं किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित अन्य कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर विधायक, कलेक्टर और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में किसानों ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के सहकारिता विभाग द्वारा ग्राम कोडापुरी में नवीन कृषि साख सहकारी समिति का शुभारंभ 15 अप्रैल 2026 को किया गया था। समिति बनने के बाद भी किसानों को स्थानीय स्तर पर खाद-बीज और अन्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
किसानों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें खाद और बीज के लिए ग्राम खजुरी जाना पड़ता है। पहले परमिट कटाने के लिए पूरे दिन लाइन में लगना पड़ता है, फिर किसी दूसरे दिन खाद उठाने के लिए दोबारा जाना पड़ता है। कई बार घंटों इंतजार करने के बाद भी खाद नहीं मिल पाती, जिससे किसानों का समय, श्रम और परिवहन खर्च व्यर्थ हो रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नवीन कृषि साख सहकारी समिति कोडापुरी में ही परमिट जारी करने तथा खाद-बीज वितरण की व्यवस्था तत्काल शुरू की जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके और खेती-किसानी का कार्य समय पर हो सके।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत भवन कोडापुरी में कुर्सी, टेबल, बिजली, पंखा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा खाद भंडारण के लिए सामुदायिक भवन भी मौजूद है। ऐसे में समिति का संचालन स्थानीय स्तर पर आसानी से किया जा सकता है।
इस मांग पत्र पर ग्राम कोडापुरी के अनेक किसानों जिसमे ढेलउ राम साहू निगरानी समिति सदस्य,दिलेश जसवाल,विद्यानंद साहू,सुध राम बिलको,प्रमोदकुमार साहू, बद्री साहू के साथ और ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।



