संवाददाता उमा खरे की रिपोट
झुके ट्रांसफॉर्मर और जर्जर 11 KV लाइन से हादसे का खतरा, विद्युत विभाग को ज्ञापन
सीपत / ग्राम कुली। ग्राम कुली के मुख्य मार्ग स्थित प्राथमिक शाला व सड़क किनारे बसे मकानों के पास से गुजरी जर्जर 11 KV हाई-टेंशन लाइन और झुके ट्रांसफॉर्मर की समस्या को लेकर युवा शक्ति संगठन ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) सीपत की कनिष्ठ अभियंता (JE) रंजना देवांगन को ज्ञापन सौंपा।

संगठन के सदस्यों ने JE रंजना देवांगन को बताया कि सुखसागर ठाकुर के मकान व प्राथमिक शाला के पास से गुजरी 11 KV लाइन के तार में कट लग गया है, जिससे लगातार तेज स्पार्किंग हो रही है। यहाँ छोटे बच्चों व राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
लाइनमैन के बयान से जनाक्रोश
मामले को गंभीरता से लेते हुए JE रंजना देवांगन ने तत्काल लाइनमैन राकेश श्रीवास को फोन कर मौके का निरीक्षण और मरम्मत करने के निर्देश दिए। हालांकि, बातचीत के दौरान लाइनमैन ने अपनी अधिकारी से ही कह दिया कि “वहाँ के लोग बार-बार फोन करके परेशान करते हैं।” कनिष्ठ अभियंता के समक्ष ही कर्मचारी की इस गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी से ग्रामीणों व युवाओं में भारी रोष व्याप्त है।

हाल ही में हुई गुड़ी दुर्घटना का दिया हवाला
युवा शक्ति संगठन ने ध्यान दिलाया कि हाल ही में ग्राम पंचायत गुड़ी में 11 KV लाइन का तार गिरने से एक युवक की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद मैदानी अमले की ऐसी उदासीनता चिंताजनक है।
संगठन की मुख्य मांगें:
अनुशासनात्मक कार्रवाई: वरिष्ठ अधिकारी के निर्देशों की अवहेलना करने और संवेदनहीन रवैया अपनाने वाले लाइनमैन पर तत्काल विभागीय जांच की जाए।
प्रशासनिक जवाबदेही: कुली क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही से यदि कोई अप्रिय घटना होती है, तो संबंधित मैदानी कर्मचारी की सीधी कानूनी व प्रशासनिक जवाबदेही तय हो।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि झुके ट्रांसफॉर्मर और 11 KV लाइन के कट को शीघ्र दुरुस्त नहीं किया गया, तो वे सीपत बिजली कार्यालय के समक्ष उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान अर्जुन वस्त्रकार, अजय यादव, श्रवण वस्त्रकार, सूरज यादव, शशिकांत एवं श्याम सुंदर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



