संवाददाता उमा खरे
अवैध बिजली खंभों से त्रस्त किसान ने लगाई न्याय की गुहार, बिना अनुमति खेत की मेढ़ पर गाड़े 15 खंभे
ग्राम नागोई:ग्राम पंचायत नागोई के किसान श्री लक्ष्मण साहू (खसरा नंबर 143/4, रकबा 3 एकड़) भू-माफियाओं व निजी प्लॉट खरीदारों की तानाशाही से बेहद परेशान हैं। पीड़ित किसान ने बताया कि उनके खेत की मेढ़ पर बिना किसी अनुमति या सहमति के 12 हजार वाट की सप्लाई वाले कुल 15 खंभे अवैध रूप से गाड़ दिए गए हैं।


निजी प्लॉट कटिंग के लिए अवैध रूप से खड़े किए गए इन खंभों के कारण किसान अपने खेत की मेढ़ पर पेड़ तक नहीं लगा पा रहे हैं। खेत में हार्वेस्टर या ट्रैक्टर ले जाने पर 12 हजार वाट की लाइन से बिजली का करंट और झंझनाहट महसूस होती है, जिससे हादसे के डर से कोई भी गाड़ी चालक उनके खेत में काम करने जाने को तैयार नहीं होता।
शुरुआत में किसान ने इन्हें सरकारी खंभे समझकर डर के मारे चुप्पी साधे रखी, लेकिन ग्रामीणों से जब पता चला कि यह पूरी तरह से प्राइवेट खंभे हैं, तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया। एक बार ट्रैक्टर से उखाड़े जाने के बावजूद दबंगों ने खेत की दूसरी तरफ फिर से खंभे गाड़ दिए।
वर्तमान में कई खंभे खतरनाक तरीके से झुक चुके हैं, जिससे हर वक्त बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। पीड़ित किसान लक्ष्मण साहू ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए उनके खेत से तुरंत इन सभी अवैध एवं खतरनाक खंभों को हटवाने और न्याय दिलाने की मांग की है।



