मल्हार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कई सालों से फरार ₹5,000 का इनामी चिटफंड आरोपी चैतराम केवट गिरफ्तार
बिलासपुर, 06 अगस्त 2026:वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस उप महानिरीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान के तहत चौकी मल्हार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ‘बी.एन. गोल्ड’ कंपनी के नाम पर आम जनता को अधिक लाभ का लालच देकर करोड़ों की ठगी करने वाले लंबे समय से फरार आरोपी चैतराम केवट (53 वर्ष, निवासी ग्राम मल्हार) को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी के खिलाफ बिलासपुर, मुंगेली, महासमुंद और सरगुजा सहित प्रदेश के कई जिलों के थानों में धोखाधड़ी व ‘छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम’ (चिटफंड एक्ट) के तहत गंभीर अपराध दर्ज हैं। थाना भानुप्रतापपुर (जिला कांकेर) के एक मामले में लंबे समय से फरार होने के कारण उस पर ₹5,000 का इनाम घोषित था।
06 अगस्त 2026 को मुखबिर से सटीक सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी मल्हार उप निरीक्षक अवधेश सिंह, आरक्षक किशन राय एवं श्यामलाल सोनवानी की टीम ने ग्राम महमंद (थाना तोरवा) क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना तखतपुर के सुपुर्द कर दिया गया है।



