चकरभाठा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: नाबालिग को बहला- फुसलाकर भगाने और दैहिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 6 नवंबर 2026 की है, जब प्रार्थिया ने थाना चकरभाठा में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग बेटी बिना बताए घर से कहीं चली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अपहरण का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी मदद और मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को कोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत भावाकांपा गांव से आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान मुकेश कुमार उर्फ छोटा कुर्रे (पिता उत्तरा कुर्रे, उम्र 21 वर्ष, निवासी भावाकांपा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर) के रूप में हुई। आरोपी ने पूछताछ में नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुराचार करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(A) तथा लैगिंक अपराधों से बालकों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। चकरभाठा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था का संदेश गया है।





