पति की मौत के मामले में एफआईआर की मांग, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
शिकायत में भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद सदस्य भोलानाथ तिवारी समेत कई लोगों के नाम का उल्लेख
चकरभाठा/सकर्रा। ग्राम पथराली निवासी श्रीमती शीला निर्मलकर ने अपने पति राजू निर्मलकर की मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को लिखित शिकायत देकर नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायतकर्ता ने मामले में भाजपा नेता एवं भूतपूर्व जनपद सदस्य भोलानाथ तिवारी, राकेश निर्मलकर, धन्नु पटारी सहित अन्य लोगों के नाम का उल्लेख करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, राजू निर्मलकर के साथ 25 अगस्त 2026 को ग्राम के कुछ व्यक्तियों द्वारा बुटेना चौक के पास कथित रूप से मारपीट की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद खेत में भी उनके साथ मारपीट की गई तथा उन्हें कथित रूप से कीटनाशक जहर पिला दिया गया। उपचार के दौरान 27 अगस्त को राजू निर्मलकर की मौत हो गई।

श्रीमती शीला निर्मलकर ने शिकायत में बताया कि घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए 26 अगस्त को हिर्री थाना पहुंचीं, जहां उन्हें गवाह लेकर आने की बात कही गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इन लोगों के नाम शिकायत में उल्लेखित
शिकायत में गोलू पटारी, मनमोहन पटारी, आकाश पटारी, संदीप यादव, भोलानाथ तिवारी, राकेश निर्मलकर, धन्नु पटारी सहित अन्य लोगों के नाम का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने कहा कि पति की मौत से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उन्हें न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।














