नन्हे-मुन्नों ने राधा-कृष्ण का रूप धर मोहा मन, धूमधाम से मनी जन्माष्टमी
चकरभाठा/सकर्रा । ज्ञानोदय विद्या मंदिर चकरभाठा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से कक्षा पहली के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में सजे बच्चे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे।
बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप से जुड़ी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। उनकी मासूम अदाओं और आकर्षक वेशभूषा ने उपस्थित शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।



कार्यक्रम प्रधान पाठक के.के. निषाद के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कक्षा पहली की शिक्षिकाएं श्रीमती मंजू, श्रीमती लता सिंह, श्रीमती मालती दुबे, श्रीमती रुखसाना बेगम एवं श्रीमती संपत्ति चौहान सहित समस्त शिक्षिकाओं ने बच्चों को प्रोत्साहित किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।
इस अवसर पर शिक्षिकाओं ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके बाल स्वरूप तथा जन्माष्टमी पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को कृष्णमय बना दिया। अंत में सभी ने जय श्रीकृष्ण के जयघोष के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।














