शिक्षिका डॉ. रश्मि सिंह धुर्वे का सम्मान, ‘श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान’ के लिए नामित
चकरभाठा/सकर्रा । शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विदुषी एवं समाजसेवी डॉ. रश्मि सिंह (मरावी) धुर्वे का छत्तीसगढ़ गोंडवाना गोंड महासभा के पदाधिकारियों ने उनके निवास पहुंचकर सम्मान किया। महासभा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रमेशचंद्र श्याम के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने उन्हें सम्मानित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर बताया गया कि महासभा ने डॉ. रश्मि सिंह धुर्वे को ‘दैनिक भास्कर श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान’ के लिए नामित किया है। शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली डॉ. धुर्वे को यह नामांकन समाज के लिए गौरव का विषय बताया गया।


वनस्पति शास्त्र में एमएससी और पीएचडी
डॉ. रश्मि सिंह धुर्वे ने हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर (मध्यप्रदेश) से एमएससी तथा गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर से वनस्पति शास्त्र में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड स्थित हाई स्कूल पाली में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता और शिक्षा के प्रति समर्पण उन्हें एक विशिष्ट शिक्षिका के रूप में पहचान दिलाता है।
कार्यक्रम में महासभा के कार्यकारी जिला अध्यक्ष समय सिंह गोंड, कोषाध्यक्ष शिव चरण जगत, कार्यकारिणी सदस्य जगदीश प्रसाद सिदार, प्रदेश संयोजक अनिल धुर्वे, प्रदेश सचिव बद्री खेरवार सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. रश्मि सिंह धुर्वे को सम्मान एवं ‘श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान’ के लिए नामित किए जाने पर शुभकामनाएं दीं।














