पर्यटन स्थल औरापानी से मोटरसाइकिल चोरी करने वाला अपचारी बालक कोटा पुलिस की गिरफ्त में, चोरी की गाड़ी बरामद
बिलासपुर कोटा जिले में चलाए जा रहे ‘चेतना विरुद्ध नशा व प्रहार’ अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशों तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (कोटा) श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए औरापानी पर्यटन स्थल से मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा किया है।

मामले के अनुसार, प्रार्थी ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 अगस्त 2026 को पर्यटन स्थल औरापानी घूमने के दौरान उसकी मोटरसाइकिल एच एफ डीलक्स (क्रमांक CG 10 AJ 6854) चोरी हो गई थी। प्रार्थी की शिकायत पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 669/2026, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना, स्थल निरीक्षण और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत (अपचारी) बालक को पुलिस संरक्षण में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने औरापानी से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। अपचारी बालक के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल विधिवत जप्त कर ली गई है एवं मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।














