बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 लाख रुपये की प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे नशामुक्त अभियान के तहत सीपत पुलिस और ए.सी.सी.यू. की संयुक्त टीम ने अवैध नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

ग्राम गुड़ी, थाना सीपत क्षेत्र में मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीन आरोपियों—उग्रसेन लोनिया (60 वर्ष), मुकेश कुमार लोनिया (30 वर्ष), और परमेश्वर लोनिया (20 वर्ष)—को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 4,750 नग प्रतिबंधित मादक पदार्थ (प्रॉक्सिको स्पास कैप्सूल और अल्प्राविन टैबलेट) बरामद किए गए, जिसका कुल वजन 2,495.64 ग्राम है। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है।
आरोपियों के खिलाफ धारा 21(सी), 22(सी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी मुकेश लोनिया पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस इस मामले में ‘एंड-टू-एंड’ कार्रवाई करते हुए सप्लाई चेन को ध्वस्त करने और आरोपियों की अवैध संपत्ति की जांच (फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन) में जुटी है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।














