बिल्हा पुलिस ने सुलझाई चोरी की गुत्थी, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। बिल्हा थाना पुलिस ने चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सफलता हासिल करते हुए मोटरसाइकिल चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी हुई गाड़ी बरामद कर ली गई है।

मामले का विवरण इस प्रकार है कि ग्राम डोडकी निवासी परमेश्वर जांगड़े (25 वर्ष) ने थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 सितंबर 2026 की रात उनके घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल हीरो एचएफ डीलक्स (क्रमांक CG10Y 3440) को कोई अज्ञात चोर ले गया। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने धारा 303(2) भा.न्या.सं. के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा पतासाजी के दौरान उड़गन फाटक के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने परमेश्वर जांगड़े के घर से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पकड़े गए आरोपियों के नाम अमन जोशी (19 वर्ष) एवं निखिल मांडले (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम डोडकी, थाना बिल्हा हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12,000 रुपये मूल्य की चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उनि जी.एल. चन्द्राकर, प्रशिक्षु उनि शेखर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की प्रमुख भूमिका रही।



