गणेश पंडाल में विवाद के बाद युवक की हत्या: बिलासपुर पुलिस ने 13 आरोपियों व 1 अपचारी बालक को किया गिरफ्तार
बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। थाना मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम गतौरा (जनकपहरी) में गणेश पंडाल के पास बाजा बजाने की बात को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की हत्या और चार अन्य के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। मस्तूरी पुलिस और ए.सी.सी.यू. की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के सभी 13 नामजद आरोपियों और 1 विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

दिनांक 20.09.2026 की रात्रि करीब 10:30 बजे प्रार्थी विद्याकांत राठौर की रिपोर्ट के अनुसार, गणेश पंडाल के पास बाजा बजाने को लेकर विवाद बढ़ा। आरोपी बोधीराम राठौर, उसके पुत्रों एवं अन्य साथियों ने एक राय होकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए लाठी, डंडा, लोहे की छुरी, कुल्हाड़ी और राफ्टर से हमला कर दिया।
इस हमले में गंभीर रूप से घायल शैलेश कुमार राठौर उर्फ राज को सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, व्यास नारायण, रवि कुमार राठौर, विक्रम राठौर और लकी राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशन और ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में गठित टीम ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा, लोहे की छुरी और लोहे की कुल्हाड़ी जब्त कर ली गई है।
पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं (296, 351(3), 109, 190, 191(1,2,3), 102) के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को 22.09.2026 को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।



