नाबालिगों के दोपहिया चलाने पर सख्ती, स्कूलों में चलेगा विशेष जांच अभियान संवाददाता:अश्वनी यादव
बिलासपुर । 18 वर्ष से कम उम्र के विद्यार्थियों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने के मामलों को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बिलासपुर ने जिले के सभी स्कूल एवं महाविद्यालयों के संचालकों और प्राचार्यों को पत्र जारी कर नाबालिग विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाने से रोकने तथा उनके अभिभावकों को इसकी सूचना देने कहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि विद्यार्थियों के साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।
परिवहन विभाग द्वारा 29 सितंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार प्रदेश के विद्यालयों में विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों द्वारा दोपहिया वाहन चलाते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पत्र की प्रतिलिपि परिवहन आयुक्त, यातायात पुलिस के अधिकारियों, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। विभाग ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करें।


