हरदी में सेवा सेतु शिविर: 87 आवेदनों में 44 का मौके पर निराकरण, योजनाओं का मिला लाभविधायक धरमलाल कौशिक बोले—सेवा सेतु शिविरों से जरूरतमंदों तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा—जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में आया बदलाव
बिलासपुर/बिल्हा । सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद पंचायत बिल्हा के ग्राम हरदी में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के मुख्य आतिथ्य तथा क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी की उपस्थिति में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उनकी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदनों पर कार्रवाई की गई। शिविर में कुल 87 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मांगों से संबंधित 85 और शिकायतों से संबंधित 2 आवेदन शामिल थे। इनमें से 44 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गरीब परिवारों को पक्का आवास, रसोई गैस, पेयजल, बिजली सहित बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा और जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान, आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम तथा विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।


