नक्सलवाद से विकास की नई राह पर ग्राम माहला, बनेगा सोलर मॉडल गांवसेवा सेतु शिविर में 535 हितग्राही लाभान्वित, 594 आवेदन प्राप्त; पांच ग्राम पंचायतों में 72.60 लाख रुपये के 9 विकास कार्य स्वीकृत
उत्तर बस्तर कांकेर, 10 अक्टूबर 2026/ कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहा कोयलीबेड़ा विकासखंड का ग्राम माहला अब विकास की नई इबारत लिखने जा रहा है। गांव को सोलर मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत चयनित स्थल पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर प्लांट स्थापित कर घरों तक बिजली पहुंचाने की योजना है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम माहला में आयोजित सेवा सेतु शिविर में इसकी जानकारी दी गई। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 535 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया, जबकि 594 आवेदन प्राप्त हुए। साथ ही वीबी-जी राम जी योजना के तहत पांच ग्राम पंचायतों में 72 लाख 60 हजार रुपये की लागत के नौ विकास कार्यों के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग, अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री विक्रमदेव उसेंडी, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती श्यामबती मंडावी की विशेष उपस्थिति में शिविर आयोजित किया गया।
सोलर मॉडल गांव के रूप में विकसित होगा माहला
ग्राम माहला में सोलर प्लांट की स्थापना से ग्रामीण परिवारों को बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। सौर ऊर्जा के उपयोग से गांव में ऊर्जा सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। नक्सलवाद से प्रभावित रहे इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ विकास कार्यों को गति मिल रही है और ग्रामीण अपने पैतृक गांवों में लौटने लगे हैं।
पांच ग्राम पंचायतों में 72.60 लाख रुपये के विकास कार्य स्वीकृत
शिविर में वीबी-जी राम जी योजना के तहत पांच ग्राम पंचायतों में कुल 72 लाख 60 हजार रुपये की लागत के नौ विकास कार्यों के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।
शिविर में 535 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
सेवा सेतु शिविर में 110 किसानों को खसरा-बी-1, 124 किसानों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख तथा 60 किसानों को किसान किताब प्रदान की गई। इसके अलावा 34 स्कूली बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 10 महिलाओं की गोद भराई की रस्म तथा आठ बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। अन्य विभागों के माध्यम से भी पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर में ग्रामीणों से कुल 594 आवेदन प्राप्त हुए।
नक्सलवाद के भय से उजड़े गांव में लौट रही रौनक: सांसद श्री नाग
शिविर को संबोधित करते हुए सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि ग्राम माहला ने नक्सलवाद के कारण भय और हिंसा का दंश झेला है। वर्ष 2010 के आसपास नक्सलियों द्वारा जन अदालत लगाकर 11 लोगों की हत्या कर दी गई थी, जिनमें ग्राम पटेल और गातता भी शामिल थे। इसके अलावा गांव के 25 लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। भय के कारण कई ग्रामीण अपने घर-बार छोड़कर पखांजूर में बसने को मजबूर हुए थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। सुरक्षा बलों के कैंप की स्थापना और बस्तर में नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के बाद विकास कार्यों में तेजी आई है। अब ग्राम माहला के लोग अपने पैतृक गांव लौटने लगे हैं और उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। गांव में 35 हितग्राहियों के प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं।
सांसद श्री नाग ने ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना, महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन तथा पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वरिष्ठ नागरिकों को वय वंदना कार्ड के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पात्र महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।

सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर
विधायक श्री विक्रमदेव उसेंडी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम माहला में सेवा सेतु शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन लाभान्वित हुए। शिविर में लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया गया तथा जरूरतमंद मरीजों को उपचार की सुविधा प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि कोयलीबेड़ा विकासखंड का यह क्षेत्र विकास की दृष्टि से अपेक्षाकृत पिछड़ा हुआ है। इसके समग्र विकास के लिए रोडमैप तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से छोटे-छोटे गांवों को सड़कों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत घरों तक पेयजल पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, 15 दिन में नल-जल व्यवस्था सुधारने के निर्देश
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कोयलीबेड़ा क्षेत्र में नल-जल आपूर्ति की समस्या को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
शिविर को जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती श्यामबती मंडावी तथा जिला पंचायत सदस्य श्री दीपांकर राय ने भी संबोधित किया।
माध्यमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान सांसद श्री भोजराज नाग एवं विधायक श्री विक्रमदेव उसेंडी ने ग्राम माहला के माध्यमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।


