रतनपुर महामाया मंदिर में आस्था के साथ सेहत की सेवा, 10 दिन में 1800 से अधिक लोगों को मिला निःशुल्क उपचार
बिलासपुर/रतनपुर, रिपोर्टर अश्वनी यादव। शारदीय नवरात्रि में मां महामाया के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में ही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मिलीं। 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित दस दिवसीय आयुष शिविर में 1800 से अधिक श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों की आयुर्वेद और होम्योपैथी पद्धति से जांच कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में जोड़ों के दर्द, गैस, अपच, कब्ज, सर्दी-खांसी, त्वचा रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, अनिद्रा और तनाव जैसी समस्याओं के लिए चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही आयुर्वेदिक काढ़ा वितरण, जड़ी-बूटियों की जानकारी और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

संचालनालय आयुष रायपुर के निर्देश तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का संचालन प्रभारी डॉ. राजेश दुबे ने किया। विभिन्न तिथियों में चिकित्सकों, योग विशेषज्ञों और औषधालय कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं औषधि वितरण की सेवाएं दीं। दस दिवसीय शिविर में श्रद्धालुओं को मां महामाया के दर्शन के साथ स्वास्थ्य जांच और उपचार का लाभ मिला। स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में उपलब्ध कराई गई निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की।


