युवा महोत्सव में कांकेर के युवाओं ने बिखेरी प्रतिभा की चमक, लोकगीत और मांदरी नृत्य ने मोहा मन
विभिन्न विधाओं में युवाओं ने दिखाया हुनर, चयनित प्रतिभागियों को राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में प्रदर्शन का मिलेगा अवसर
उत्तर बस्तर कांकेर, 31 अक्टूबर 2026/ युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने, उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आज न्यू बस स्टैंड स्थित डोम में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के युवाओं ने विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से मांदरी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं।
युवा महोत्सव में विकसित भारत चौलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चौलेंज और पारंपरिक वेशभूषा सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी कला, रचनात्मक सोच और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।


भारतीय संस्कृति और परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाएं युवा-सांसद श्री भोजराज नाग
सांसद श्री भोजराज नाग ने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराएं हमारी पहचान हैं। इन्हें संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने, अपनी प्रतिभा को विकसित करने और भारतीय संस्कृति को देश-विदेश तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांकेर और बस्तर अंचल के प्रतिभाशाली युवा राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाएं और राष्ट्रीय मंच तक पहुंचकर यहां की समृद्ध लोकसंस्कृति से देश को परिचित कराएं। कार्यक्रम में युवाओं की प्रस्तुतियों और रचनात्मक सहभागिता ने स्थानीय कला एवं संस्कृति की समृद्ध झलक प्रस्तुत की। युवा महोत्सव के माध्यम से जिले की प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का मिला मंच-विधायक श्री नेताम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सोच है कि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच मिला है, वे अपने कौशल को निखारकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं रचनात्मक कार्यों में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने भीतर छिपी प्रतिभा और कौशल को पहचानकर उसे विकसित करना चाहिए। युवा महोत्सव जैसे आयोजन उन्हें अपनी क्षमताओं को सामने लाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यकम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, जनपद अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती तारिणी ठाकुर, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मण्डावी, श्री महेश जैन, श्री दिलीप जायसवाल, श्री राजा पाण्डेय, श्री दिनेश रजक, श्री हलधर साहू, एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे, डिप्टी कलेक्टर व जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री टीकाराम देवांगन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद सहित युवा महोत्सव में पहंुचे सभी विकासखण्डों के प्रतिभागी और शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।



