नवपदस्थ थाना प्रभारी सतीश साहू का जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने किया आत्मीय स्वागत, बेहतर पुलिस-जन सहयोग पर हुई चर्चा
क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कार्यकर्ताओं ने रखे सकारात्मक विचार, जनहित में पुलिस के साथ समन्वय बनाने पर दिया जोर
बिलासपुर/तखतपुर। तखतपुर थाना में नवपदस्थ थाना प्रभारी श्री सतीश साहू का आज जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर नए थाना प्रभारी का स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग स्थापित करने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण में पुलिस एवं नागरिकों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि थाना प्रभारी सतीश साहू के नेतृत्व में तखतपुर क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा आम नागरिकों को सहज, सरल और सहयोगात्मक पुलिसिंग का लाभ मिलेगा। वहीं थाना प्रभारी के साथ हुई मुलाकात को सौहार्दपूर्ण बताते हुए संगठन के सदस्यों ने क्षेत्रहित में सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष बलराम साहू, ब्लॉक संगठन मंत्री खिलेश्वर सिंगरौल तथा छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के ब्लॉक उपाध्यक्ष लोकेश निषाद सहित दोनों संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





