बिलासपुर पुलिस का ‘प्रहार’: अमृतसर से हेरोइन (चिट्टा) का मुख्य अंतरराज्यीय सप्लायर गिरफ्तार
बिलासपुर पुलिस ने नशे के अवैध सौदागरों के खिलाफ अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पंजाब के अमृतसर से हेरोइन (चिट्टा) सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में ए.सी.सी.यू. बिलासपुर और थाना सकरी की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की।

पकड़े गए मुख्य आरोपी का नाम रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40 वर्ष), निवासी महेंद्रा एवेन्यू, थाना सुल्तान विंड, अमृतसर (पंजाब) है।
यह पूरी कार्रवाई ‘एंड-टू-एंड’ विवेचना के तहत की गई। करीब एक सप्ताह पहले (24.10.2025) सकरी पुलिस ने उसलापुर बाजार के पास से एक स्थानीय पेडलर दीपक वालिया को पकड़ा था, जिसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग ₹2,50,000) और ₹10,500 नकद जब्त किए गए थे। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21, 22, 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
दीपक वालिया से कड़ाई से पूछताछ और साइबर सेल के तकनीकी इनपुट से पता चला कि बिलासपुर में नशे की सप्लाई का मुख्य नेटवर्क अमृतसर से रविंद्रजीत सिंह संचालित कर रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम अमृतसर रवाना की गई। स्थानीय पुलिस की मदद से घेराबंदी कर आरोपी रविंद्रजीत सिंह को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया, जिसे NDPS एक्ट की धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस सफल अभियान में ए.सी.सी.यू. प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, ए.एस.आई. सुरेंद्र तिवारी, राजेश्वरधर दीवान, तथा आरक्षक राकेश यादव व रमेश यादव की प्रमुख भूमिका रही। बिलासपुर पुलिस ने दोहराया है कि नशे की पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी





