कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने मिलर्स एवं मंडी व्यापारियों की ली बैठक, सीसीटीवी, चेकपोस्ट और उड़नदस्ता टीम से होगी निगरानी
धान खरीदी में नियमों का कड़ाई से होगा पालन, अवैध परिवहन पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर
उत्तर बस्तर कांकेर, 10 नवंबर 2026/ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज जिले के राइस मिलर्स एवं मंडी व्यापारियों की बैठक लेकर शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी मिलर्स एवं व्यापारियों को नियमानुसार धान का क्रय-विक्रय एवं परिवहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों के तहत व्यापार करने वालों को जिला प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य 15 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। खरीदी अवधि के दौरान धान का परिवहन नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने के लिए उनका एरिया बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने सभी खरीदी केंद्रों में 14 नवंबर तक पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जिला विपणन अधिकारी को दिए। साथ ही राइस मिलर्स से प्राप्त होने वाले बारदाने की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा कटे-फटे बारदाने नहीं लेने की बात कही।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अवधि 15 नवंबर से 15 जनवरी तक धान परिवहन के लिए डीओ जारी नहीं किए जाएंगे। उन्होंने सभी राइस मिलर्स को अपने मिलों में धान के स्टॉक का पंजी अनिवार्य रूप से संधारित करने तथा पुराने एवं नए धान की प्रविष्टियां रजिस्टर में अलग-अलग दर्ज करने के निर्देश दिए। धान परिवहन के लिए केवल जीपीएस युक्त वाहनों का उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी खरीदी केंद्रों में चार-चार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न मार्गों पर चेकपोस्ट स्थापित किए जाएंगे तथा सघन जांच के लिए उड़नदस्ता टीमों की तैनाती की जाएगी।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने धान का क्रय-विक्रय करने वाले ट्रेडर्स को भी मंडी अनुज्ञा के अनुरूप ही व्यापार एवं परिवहन करने की समझाइश दी। उन्होंने बाजार से खरीदे गए धान की जानकारी नियमानुसार बाजार आवक रजिस्टर में दर्ज करने तथा फुटकर व्यापारियों से खरीदे गए धान की प्रविष्टि भी अनिवार्य रूप से रजिस्टर में करने के निर्देश दिए। परिवहन के दौरान चेकपोस्ट (नाका) पर अनुज्ञा में दर्ज धान की मात्रा की एंट्री कराने के लिए भी कहा गया। उन्होंने सभी मिलर्स एवं व्यापारियों से शासन के नियमों का पालन करते हुए धान खरीदी व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमानुसार व्यापार करने वाले सभी लोगों को जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, श्री भागवत प्रसाद जायसवाल, श्री गंगाधर वाहिले, जिले के सभी एसडीएम, खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, सहकारिता विस्तार अधिकारी, सभी मंडी सचिव, राइस मिलर्स एवं धान व्यापार से जुड़े ट्रेडर्स उपस्थित थे।





