बूटेना–धौराभाठा मार्ग निर्माण में उड़ रही धूल, ग्रामीणों का घरों में रहना हुआ मुश्किल, पानी छिड़काव की मांग
बिलासपुर संवाददाता:अश्वनी यादव। लोक निर्माण विभाग द्वारा बूटेना से धौराभाठा तक 12.50 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण कार्य के दौरान नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं होने से बूटेना के ग्रामीण धूल और मिट्टी से परेशान हैं। सड़क निर्माण के चलते दिनभर धूल के गुबार उड़ रहे हैं, जो आसपास के घरों में पहुंच रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों का घरों के बाहर बैठना तक मुश्किल हो गया है। कपड़े सुखाने से लेकर घरों में रखे बर्तन और खाने-पीने की सामग्री को धूल से बचाने के लिए लोगों को तरह-तरह के जतन करने पड़ रहे हैं। निर्माण स्थल के आसपास रहने वाले परिवारों का दैनिक जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, लेकिन निर्माण के दौरान धूल नियंत्रण की व्यवस्था भी जरूरी है। आसपास के कुछ गांवों में निर्माणाधीन सड़कों पर प्रतिदिन पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जबकि बूटेना और उसके आसपास के प्रभावित हिस्सों में नियमित छिड़काव नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने के बावजूद घरों में धूल जमा हो रही है। बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को भी इससे परेशानी हो रही है।



उल्लेखनीय है कि बूटेना–धौराभाठा मार्ग के 12.50 किलोमीटर निर्माण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग ने 34 करोड़ 15 लाख 95 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। वहीं तकनीकी स्वीकृति 31 करोड़ 20 लाख 87 हजार रुपये की जारी की गई है। निर्माण कार्य का ठेका अनिल बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड, बिलासपुर को दिया गया है। कार्यादेश की तिथि 21 सितंबर 2026 है तथा निर्माण कार्य पूर्ण करने की अवधि 12 माह निर्धारित की गई है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान पूरे मार्ग पर, विशेषकर बूटेना गांव के आबादी वाले हिस्से में प्रतिदिन नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि धूल से राहत मिले और सड़क निर्माण के साथ ग्रामीणों के स्वास्थ्य एवं सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा सके।





