ब्युरो रिपोट जय खटवानी
कांकेर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 08 बुलेट मोटरसाइकिलों पर ₹35,300 का चालान
कांकेर। शहर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण करने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कांकेर यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा (भापुसे) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर कानफोड़ू व कर्कश आवाज निकालने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई।

यातायात प्रभारी श्री दीपक साव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग एवं वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए तेज आवाज निकालने वाली 08 बुलेट मोटरसाइकिलों को पकड़ा गया। इन वाहनों में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना नंबर प्लेट और बिना बीमा जैसे गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल ₹35,300 का समन शुल्क (चालान) वसूल किया गया। साथ ही, पुलिस ने मौके पर ही वाहनों से अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाकर जप्त कर लिए।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली अत्यधिक तेज आवाज न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाती है, बल्कि बुजुर्गों, बच्चों और आम नागरिकों की शांति भी भंग करती है।
कांकेर पुलिस की अपील:
कांकेर पुलिस ने सभी वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में केवल कंपनी द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। भविष्य में ध्वनि प्रदूषण फैलाने तथा सड़क सुरक्षा को खतरे में डालने वाले तत्वों के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।





