औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था माकड़ी सिंगराय में महिला रक्षा टीम का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रतिभा लहरे के पर्यवेक्षण में दिनांक 19.11.2026 को महिला रक्षा टीम ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI) माकड़ी सिंगराय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।


कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, मानव तस्करी, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से जुड़े कानूनी प्रावधानों और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों एवं राहवीर योजना से अवगत कराते हुए यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला सुरक्षा को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने के उद्देश्य से छात्राओं को ‘अभिव्यक्ति ऐप’ की उपयोगिता तथा इसके माध्यम से त्वरित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई। मौके पर छात्राओं के मोबाइल में अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड भी कराया गया।
पुलिस की अपील:
कांकेर पुलिस ने छात्र-छात्राओं से सोशल मीडिया व इंटरनेट का सुरक्षित व जिम्मेदार उपयोग करने की अपील की है। किसी भी प्रकार के अपराध, उत्पीड़न, साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर बिना संकोच तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
हेल्पलाइन नंबर:
आपातकालीन सहायता – 112 | साइबर अपराध – 1930 | पुलिस हेल्पलाइन – 9479155125 | महिला हेल्पलाइन – 9479155925





