घर में सेंधमारी कर सोने-चांदी के जेवरात चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार, मशरूका बरामद
बिलासपुर। थाना सरकंडा पुलिस ने मकान में चोरी करने वाले आदतन आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। मामले में अपराध क्रमांक 1730/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
घटना का विवरण देते हुए प्रार्थिया श्रीमती रश्मि पटेल (उम्र 41 वर्ष, निवासी खमतराई, सरकंडा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 नवंबर 2026 की रात परिवार सहित सोने के बाद 26 नवंबर की सुबह उठने पर दूसरे कमरे का दरवाजा खुला और आलमारी का सामान बिखरा मिला। आलमारी से सोने के गेहूं दाना, अंगूठी तथा चांदी की पायल, चेन, अंगूठी व हाथ कड़ा सहित करीब 20 हजार रुपये से अधिक के जेवरात चोरी हो गए थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल व नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में पुलिस व सिविल टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर संदेही कुणाल सिंह ध्रुव (पिता हलधर सिंह ध्रुव, उम्र 18 वर्ष 5 माह, निवासी खमतराई) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने 25 नवंबर की रात खमतराई क्षेत्र के एक घर तथा लगभग 25 दिन पूर्व सूर्यवंशी मोहल्ला खमतराई के एक मकान से चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर सोने का मंगलसूत्र, लॉकेट, चांदी की पायल, लच्छा व अन्य जेवरात जब्त किए गए हैं। आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





