संगठित वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश: 04 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद, एक गिरफ्तार व एक बालक निरुद्ध
बिलासपुर। थाना सरकण्डा पुलिस ने संगठित रूप से दुपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए 01 वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया है तथा 01 विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब ₹3,00,000/- मूल्य के 04 चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को प्रार्थी अमन सोनी ने राजकिशोर नगर स्थित नेचुरल सैलून के बाहर खड़ी अपनी होंडा एक्टिवा (CG-10-BD-5560) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर अपराध क्रमांक 1737/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सरकण्डा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना के आधार पर आदतन अपराधी लक्की शर्मा उर्फ प्रिंस (18 वर्ष) व एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने फरार साथियों—शुभम साहू, राज चौहान, मंथन एवं जादू—के साथ मिलकर विभिन्न थाना क्षेत्रों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया। पहचान छिपाने के लिए वे वाहनों की नंबर प्लेट हटा देते थे।
आरोपियों की निशानदेही पर अटल आवास के पास से होंडा एक्टिवा (CG-10-BD-5560, CG-10-AH-7522), बजाज केटीएम (CG-10-BD-8202) और हीरो स्प्लेंडर प्लस (CG-10-PJ-7054) बरामद की गईं, जो सरकण्डा, सिरगिट्टी, कोतवाली व तारबाहर क्षेत्रों से चोरी हुई थीं। संगठित अपराध के तहत प्रकरण में धारा 112 व 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर तथा बालक को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया है; फरार आरोपियों की तलाश जारी है।





