ब्युरो रिपोट जय खटवानी
घर में घुसकर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद
थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने प्रार्थी के घर में घुसकर गाली-गलौच, मारपीट एवं चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।

घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 27.11.2026 को रात्रि लगभग 08:00 बजे प्रार्थी आनंद राम नेताम (निवासी गंगानगर अन्नपूर्णापारा, कांकेर) के घर के सामने आरोपी नासीर खान पिता नजीर खान (उम्र 28 वर्ष, निवासी गंगानगर अन्नपूर्णापारा, कांकेर) अश्लील गाली-गलौच कर रहा था। प्रार्थी द्वारा मना करने पर आरोपी ने दरवाजे पर लात मारकर घर के अंदर प्रवेश किया, धक्का-मुक्की की और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 436/2026, धारा 296, 115(2), 351(2), 331(2) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक उ.ब. कांकेर श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी श्री हरीश पाटील के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने आरोपी के निवास स्थान पर घेराबंदी कर उसे अभिरक्षा में लिया। मेमोरण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त किया गया। आरोपी द्वारा जुर्म स्वीकार करने पर दिनांक 28.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही दर्ज हैं। इस कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र कुमार, उनि सतीश सहारे, सउनि भीखम साहू, प्र.आर. शिव बेसरे, आरक्षक शिव नेताम, लिखिश्वर साहू एवं थाना पेट्रोलिंग टीम की सराहनीय भूमिका रही।





