नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में 44 वर्षीय वैद्यराज गिरफ्तार
थाना ताड़ोकी पुलिस ने उपचार के बहाने 14 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ यौन शोषण करने के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 44 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनांक 18.10.2026 को प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15.04.2026 को पुत्री की तबीयत खराब होने पर वह उसे ग्राम आमागांव निवासी वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा के पास ले गया था। आरोपी ने जांच के बहाने बच्चेदानी में समस्या बताकर ताबीज दिया। इसके बाद घरेलू कार्य के दौरान विभिन्न तिथियों पर नाबालिग को आरोपी के पास भेजा गया, जहां उसे परिजनों से अलग रखकर तांत्रिक गतिविधियों और झांसे में लिया गया।

गर्भावस्था का खुलासा और कार्रवाई:
दिनांक 17.10.2026 को तबीयत बिगड़ने पर जब नाबालिग को अंतागढ़ अस्पताल ले जाया गया, तो चिकित्सकीय परीक्षण में उसके पांच माह की गर्भवती होने का पता चला। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे नशीली दवा देकर बेहोश करता था और इस दौरान दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना ताड़ोकी में अपराध क्रमांक 13/2026, बीएनएस की धारा 64(1), 64(2)(m), 65(1) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी रमेश कुमार पिस्दा (44 वर्ष) को गिरफ्तार कर 19.10.2026 को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में निरीक्षक दिलीप पटेल, उपनिरीक्षक हेमलता परिहार, महिला आरक्षक रामेश्वरी नारेटी और आरक्षक विष्णु मंडावी की सराहनीय भूमिका रही।


