बिलासपुर में सनसनीखेज वारदात: भाजपा पार्षद एवं एमआईसी सदस्य बंधु मौर्य पर तिफरा सब्जी मंडी में हमला
बिलासपुर, न्यायधानी बिलासपुर में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर निगम के एमआईसी सदस्य, भाजपा के वरिष्ठ पार्षद और सब्जी कारोबारी बंधु मौर्य के साथ रविवार सुबह तिफरा थोक सब्जी मंडी में 7-8 लोगों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो पुलिस जांच का मुख्य आधार बन गया है।
समझौते का दबाव और पुरानी रंजिश का अंदेशा:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस विवाद के पीछे पुरानी रंजिश और व्यापारिक लेनदेन का मामला बताया जा रहा है। आरोप है कि पुराने मामलों में समझौता करने के लिए पार्षद पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिसके चलते यह मारपीट हुई। घटना के बाद दोनों पक्ष सिरगिट्टी थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया है, जबकि दूसरे पक्ष के आरोपों की भी गहनता से जांच की जा रही है।
हत्या की साजिश का पुराना साया:
यह हमला इसलिए भी अधिक संवेदनशील है क्योंकि कुछ दिन पहले ही बंधु मौर्य की हत्या के लिए दूसरे प्रदेश से शूटर बुलाए जाने की साजिश का पर्दाफाश हुआ था। ताजा हमले ने उनकी सुरक्षा और पुरानी रंजिश के एंगल को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज, दोनों पक्षों के बयानों और पुराने विवादों के तमाम पहलुओं को खंगाल रही है। बहरहाल, एक जनप्रतिनिधि और कारोबारी पर इस तरह खुलेआम हमले से शहर के व्यवसायियों और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है।


