ग्राम कनेरी को मिली 10 लाख की विकास सौगात: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने चंडी माता मंदिर और नवधा रामायण स्थल में शेड निर्माण के लिए किया भूमिपूजन
बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में आस्था और संस्कृति के संरक्षण के साथ विकास को गति देते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने आज अपने गृह ग्राम कनेरी में दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। ग्राम कनेरी स्थित प्राचीन चंडी माता मंदिर परिसर में 5.00 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण तथा नवधा रामायण स्थल में 5.00 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया। इस प्रकार ग्राम को कुल 10.00 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। श्री कौशिक ने कहा – “कनेरी मेरा अपना गांव है, और यहाँ की आस्था का केंद्र चंडी माता मंदिर है। यहाँ हर साल नवरात्रि और अन्य अवसरों पर बड़े आयोजन होते हैं, जिसमें हजारों श्रद्धालु आते हैं। धूप और बारिश में श्रद्धालुओं को असुविधा होती थी। इस शेड के बनने से श्रद्धालुओं को छाया और विश्राम की सुविधा मिलेगी।”
“इसी प्रकार नवधा रामायण स्थल हमारी सनातन संस्कृति का जीवंत केंद्र है। यहाँ लगातार रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन होते रहते हैं। शेड निर्माण होने से बुजुर्गों, महिलाओं और सभी श्रोताओं को बैठने और सुनने की उत्तम व्यवस्था मिलेगी। यह केवल निर्माण नहीं, बल्कि हमारी आस्था और संस्कृति का सम्मान है।” उन्होंने कहा कि बिल्हा विधानसभा के प्रत्येक गांव में छोटे-बड़े सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। चाहे वह सड़क हो, पानी हो, आंगनबाड़ी हो, मंगल भवन हो या मंदिरों का जीर्णोद्धार, विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी। डबल इंजन की सरकार में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है।
इस अवसर पर ग्राम कनेरी के सरपंच श्रीमती ईश्वरी ध्रुव, भाजपा जिला महामंत्री श्री सोमेश तिवारी जी, ग्राम पिरैया के सरपंच प्रतिनिधि श्री अमित सिंह ठाकुर जी, वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री कमलेश सिंह ठाकुर, श्री चंद्रशेखर साहू, श्री कोमल सिंह ठाकुर जी, वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रियंका सिंह ठाकुर जी एवं भारी संख्या मे ग्रामीणजन उपस्थित थे। ग्रामवासियों ने इस सौगात के लिए श्री धरमलाल कौशिक जी का हृदय से आभार व्यक्त किया।


