ब्युरो रिपोट जय खटवानी
कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र में महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज के नाम पर लगभग 70 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धोखाधड़ी
महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज धोखाधड़ी मामला जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छत्तीसगढ़) | 30 अक्टूबर 2026 कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र में महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज के नाम पर लगभग 70 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने एक और सहयोगी आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अंतागढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई है।

कंपनी के संचालकों और सहयोगियों ने छत्तीसगढ़ के कांकेर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव और बीजापुर के करीब 500 निवेशकों को अपने जाल में फंसाया। आरोपियों द्वारा निवेश पर 5 प्रतिशत मासिक ब्याज (कमीशन) देने और मात्र डेढ़ वर्ष में रकम को दोगुना करने का लालच दिया गया था। यही नहीं, सरकारी कर्मचारियों और अन्य पीड़ितों को विभिन्न बैंकों से ऋण लेने के लिए प्रेरित किया गया और उस ऋण की पूरी राशि कंपनी में निवेश करवा ली गई। शुरुआत में कुछ किश्तें देने के बाद आरोपी निवेशकों की जमापूंजी लेकर फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना अंतागढ़ में अपराध क्रमांक 58/2026, धारा 420, 120(बी), 112, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूर्व गिरफ्तारियां: मुख्य आरोपियों में दयाशंकर साहू (बेमेतरा) और नितिन निर्मलकर (रायपुर) को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
नवीनतम गिरफ्तारी: विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर सहयोगी आरोपी अमर कुमार निहाल (उम्र 41 वर्ष, निवासी कुआकोंडा, जिला दंतेवाड़ा) को 24 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करते हुए जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही है।
कांकेर पुलिस की अपील:
पुलिस प्रशासन आम नागरिकों से अपील करता है कि कम समय में पैसा दोगुना करने या असामान्य ब्याज देने वाले प्रलोभनों के झांसे में बिल्कुल न आएं। किसी भी संस्था में निवेश से पूर्व उसकी वैधानिकता की जांच अवश्य करें।



