लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा ने स्लम एरिया में मनाई सार्थक दीपावली, बांटी खुशियां और जरूरी सामग्रियां
बिलासपुर:दीपावली का असली आनंद समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां बांटने में ही निहित है। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व के प्रारंभ होने की पूर्व संध्या पर लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा की ओर से एक सराहनीय पहल की गई। क्लब की उत्साही पदाधिकारिणियों ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित स्लम एरिया की गरीब झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंचकर वहां के बच्चों और परिवारों के साथ दीपावली का पावन पर्व बेहद उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया।


कार्यक्रम की शुरुआत क्लब के प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट ‘बालिका सम्मान’ के अंतर्गत की गई। इस दौरान स्लम बस्ती में उपस्थित सभी छोटी बच्चियों को पढ़ाई और दैनिक उपयोग के लिए स्टील की प्लेट, फल, मिष्ठान्न, मेहंदी तथा अन्य आवश्यक जरूरत की सामग्रियां भेंट की गईं। पर्व की पूर्व संध्या पर अपने बीच क्लब के सदस्यों को पाकर और सुंदर उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। लगभग 50 से अधिक बच्चों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने इस आयोजन को एक पारिवारिक उत्सव का रूप दे दिया।


क्लब की अध्यक्ष पीएमजेपीएफ संजना मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही दीपावली का वास्तविक अर्थ है। सचिव मंजू मिश्रा, रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी और उषा मुदलियार ने भी बच्चों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके साथ समय बिताया।
लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा की यह परंपरा रही है कि वह हर वर्ष त्योहारों के अवसर पर ऐसी बस्तियों में पहुंचता है जहां अभावों के बीच जीवन जी रहे लोगों के जीवन में खुशियों के दीप जलाए जा सकें। क्लब का मानना है कि भौतिक उपहारों से परे, जरूरतमंदों के बीच जाकर उन्हें अपनापन देना और उनकी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करना ही एक सार्थक दीपावली है। इस आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सच्ची दीवाली वही है जहां हर चेहरे पर मुस्कान हो।





