निर्वाचन साक्षरता क्लब के तहत विधानसभा स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित विद्यार्थियों ने मतदान के महत्व और मतदाता जागरूकता का दिया संदेश
उत्तर बस्तर कांकेर, 19 नवम्बर 2026/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 81 कांकेर (अजजा) में निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत छात्र-छात्राओं को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने तथा समय आने पर अपने मताधिकार का उचित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज शासकीय नरहरदेव पीएमश्री विद्यालय कांकेर में विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व एवं मतदान का महत्व’ विषय पर निबंध लेखन तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर), सतत पुनरीक्षण, ईवीएम एवं मतगणना विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम के सुचारू संचालन एवं प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए निर्णायक मंडल का गठन किया गया था। प्रतियोगिता में दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों से भी विद्यार्थी अपने शिक्षकों एवं पालकों के साथ शामिल हुए। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर मतदान एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्रीमती एस. बंजारे ने निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ‘यूज योर राईट टू वोट’ मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में दीपक ठाकुर, एबीओ, विकास श्रीवास्तव, भारती पटेल, होशांग श्रीवास्तव, दिलीप साहू, सतीश मंडावी, आकांक्षा राव, टेश्वर सिन्हा सहित निर्णायक मंडल के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





