कलेक्टर के निर्देश पर जिले के धान खरीदी केंद्रों का सघन निरीक्षण
अपर कलेक्टर एवं एसडीएम ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, किसानों से की चर्चा
अवैध धान भंडारण एवं व्यापार पर कार्रवाई, विभिन्न स्थानों से 720 क्विंटल से अधिक धान जब्त
उत्तर बस्तर कांकेर, 19 नवम्बर 2026/ कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आज अपर कलेक्टर एवं जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों सहित विभागीय अधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का सघन एवं आकस्मिक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने खरीदी केंद्रों में धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मौके पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान बारदाने की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, खरीदी केंद्रों की साफ-सफाई, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, नमी मापक यंत्र, हमालों की व्यवस्था एवं धान के सुरक्षित भंडारण सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने खरीदी केंद्र प्रभारियों, नोडल अधिकारियों, बारदाना प्रभारियों एवं समिति प्रबंधकों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं श्री भागवत प्रसाद जायसवाल सहित एसडीएम कांकेर, भानुप्रतापपुर, चारामा, अंतागढ़ एवं पखांजूर द्वारा अपने-अपने अनुविभाग के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे ने नरहरपुर तहसील के अमोड़ा, नावडबरी, चंवाड़ एवं कुरना धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। वहीं अपर कलेक्टर श्री भागवत जायसवाल ने पखांजूर तहसील एवं कोयलीबेड़ा क्षेत्र के सुरंगदोह, कोड़ेकुर्से, गोड़पाल, चिखली, पाचांगी, बड़गांव एवं पखांजूर उपार्जन केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने धान में नमी की जांच, भंडारण व्यवस्था तथा कृषक उन्नति योजना के तहत बोनस प्रदाय के संबंध में किसानों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
एसडीएम कांकेर श्रीमती सरस्वती बंजारे के मार्गदर्शन में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने डंवरखार, दलदली एवं देवरीबालाजी में फुटकर धान व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में धान के स्टॉक की जांच की। इसके अलावा धान खरीदी केंद्र सरोना का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसी प्रकार एसडीएम पखांजूर श्री सुरेश साहू द्वारा धान व्यपारियों के दूकानों का औचक निरीक्षण किया जाकर अवैध धान भंडारण एवं व्यापार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मरोड़ा के श्री दामला मंडावी से 52 क्विंटल, ताड़वेली के श्री विश्वनाथ हालदार से 80 क्विंटल, पी.व्ही.-96 सावनपुर से 40 क्विंटल, कोयलीबेड़ा के श्री कैलाश साहू से 94 क्विंटल तथा श्री शिवान पटेल से 20 क्विंटल धान जब्त किया गया।



अपर कलेक्टर एवं एसडीएम अंतागढ़ श्री जी.डी. वाहिले द्वारा पोड़गांव, अंतागढ़, कलेपरस, नवागांव (गोडरी), भैंसासुर एवं करेगांव धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। एसडीएम भानुप्रतापपुर श्री अनिकेत अशोक फड़तरे ने कोरर, बारवी, हाटकर्रा, सेलेगांव एवं भानबेड़ा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं एसडीएम चारामा श्री नरेंद्र बंजारे के नेतृत्व में तहसीलदार, मंडी सचिव एवं संबंधित सहकारिता निरीक्षक की एफएसटी टीम द्वारा चारामा तहसील के विभिन्न ट्रेडर्स एवं फुटकर धान व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में आकस्मिक जांच की गई। इस दौरान ग्राम जेपरा के बिट्टू एंड बबलू ट्रेडर्स से 60 क्विंटल, ग्राम टाहंकापार के साहू किराना स्टोर्स से 24 क्विंटल, ग्राम किलेपार के जय भोले राइस मिल से 150 क्विंटल तथा ग्राम तांसी के जय भोले राइस मिल से 200 क्विंटल धान जब्त करने की कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के साथ ही अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर सतत निगरानी रखी जा रही है।





