
संवाददाता ….उमाशंकर शुक्ला
बिलासपुर न्यूज / देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से लेकर 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसी को लेकर भाजपा जिला बिलासपुर शहर की जिला स्तरीय कार्यशाला सोमवार 8 सितम्बर को लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुई।
मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शंकर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समाज के गरीब, शोषित एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उनका व्यक्तित्व व कृतित्व अद्वितीय है। इसी वजह से हर वर्ष 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाता है।
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करनी है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्र सुरक्षा, आत्मनिर्भर भारत, तकनीकी व नवाचार में नेतृत्व तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प का आह्वान किया है।
केडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता अभियान, एक पेड़ माँ के नाम वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन, प्रबुद्ध वर्ग संवाद, दिव्यांग सम्मान, वोकल फॉर लोकल प्रचार, पुस्तकों का वितरण, चित्रकला प्रतियोगिता, मोदी विकास मैराथन, प्रदर्शनी, पं. दीनदयाल उपाध्याय व गांधी जयंती कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शहर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने की जवाबदेही हम सबकी है।
कार्यशाला में विधायक धर्मजीत सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, विनोद सोनी, सोमेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।