
ऑनलाइन टोकन से आसान हुई धान खरीदी, 21 क्विंटल से कम उपज बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता
बिलासपुर/सकरी। जिले के धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, तिरपाल, बारदाने सहित जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। घर बैठे ऑनलाइन टोकन मिलने से किसान निर्धारित समय पर अपनी उपज लेकर उपार्जन केंद्र पहुंच रहे हैं। इससे धान बिक्री की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा आसान और व्यवस्थित हुई है। ग्राम छतौना के धान उपार्जन केंद्र में भी व्यवस्थाओं से संतुष्ट किसानों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।
ग्राम छतौना निवासी किसान दिनेश कुमार कौशिक 83 कट्टी धान लेकर केंद्र पहुंचे। उन्होंने बताया कि केंद्र में धान को सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल, पर्याप्त बारदाने और पेयजल की व्यवस्था की गई है। समर्थन मूल्य पर 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी होने से किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है। वहीं गांव के किसान विकास कुमार वर्मा ने घर बैठे ऑनलाइन टोकन लेकर निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचकर 54 क्विंटल धान बेचा। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन टोकन की सुविधा से समय की बचत हुई और केंद्र में समिति प्रबंधक सहित कर्मचारियों का भी पूरा सहयोग मिला।
किसानों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उस घोषणा का भी स्वागत किया, जिसके तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी 13,839 रुपए प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता दी जाएगी। किसानों का कहना है कि इस निर्णय से कम उत्पादन वाले छोटे किसानों को भी आर्थिक राहत मिलेगी। उन्होंने धान खरीदी केंद्र में बेहतर व्यवस्थाओं, ऑनलाइन टोकन की सुविधा और पूरी आदान सहायता देने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।






