शासकीय कार्य में बाधा डालने और शिक्षक से मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर | दिनांक: 03.05.2026 बिल्हा पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ मारपीट करने वाले आरोपी के विरुद्ध त्वरित कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
प्रार्थी नेतराम पैकरा (उम्र 34 वर्ष), निवासी कसडोल (बलौदाबाजार), जो वर्तमान में जनगणना कार्य हेतु ग्राम घोघरा में तैनात थे, ने थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी के अनुसार, दिनांक 02.05.2026 को जब वह अपनी शासकीय ड्यूटी कर रहे थे, तब स्थानीय निवासी निर्मल कुमार कांत ने उनके कार्य में हस्तक्षेप किया। आरोपी ने “तुम कौन हो, यहाँ क्या करने आए हो?” कहते हुए प्रार्थी के साथ गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुँचाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बिल्हा द्वारा तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदया मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा श्री डी.आर. टण्डन के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे दिनांक 03.05.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 231/2026 के तहत धारा 132, 221, 121(1) भा.न्या.स. (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधक कार्यवाही भी की गई है।
नाम: निर्मल कुमार कांत पिता शंकर लाल उम्र: 31 वर्ष
निवासी: ग्राम घोघरा, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
इस कार्यवाही में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्र.आर. संतोष यादव, आरक्षक अर्जुन जांगडे और आरक्षक संतोष मरकाम की मुख्य भूमिका रही।


