
BHARTENDU KAUSHIK (REPORTER)
नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने पांच राज्यों के राज्यपाल को बदल दिया है। इस संबंध में नये राज्यपालों की नियुक्ति का आदेश भी जारी कर दिया गया है।
राष्ट्रपति भवन द्वारा मंगलवार को जारी नई अधिसूचना के मुताबिक, 5 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति हुई है। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आरिफ मोहम्मद खान को बिहार का राज्यपाल तो पूर्व केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
मंगलवार को जारी एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया कि पूर्व गृह सचिव अजय कुमार भल्ला को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। अजय कुमार भल्ला की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब मणिपुर जातीय हिंसा से जूझ रहा है। अजय कुमार भल्ला मणिपुर के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य की जगह लेंगे, जिन्होंने इस साल 31 जुलाई को पदभार ग्रहण किया था।
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। साथ ही उन्होंने कई राज्यों के राज्यपाल की नियुक्ति भी की है। राष्ट्रपति भवन के मुताबिक, मिजोरम के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह को मिजोरम का राज्यपाल नियुक्त किया गया। बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है तो केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान बिहार के नए राज्यपाल होंगे।

कौन कहां का बना राज्यपाल?
बिहार- आरिफ मोहम्मद खान
केरल- राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर
ओडिशा- डॉ. हरि बाबू कंभमपति
मिजोरम- डॉ. विजय कुमार सिंह
मणिपुर- अजय कुमार भल्ला