संवाददाता जयप्रकाश यादव
सकरी-पेंड्रीडीह बाईपास पर दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवारों को मारी टक्कर
आज सुबह लगभग 10:00 बजे सकरी-पेंड्रीडीह बाईपास मार्ग पर ग्राम तिवारी और बेलमुंडी के बीच बांध के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर सकरी की दिशा से आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाने की व्यवस्था की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की गति अत्यधिक तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया।

घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार होने में कामयाब रहा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं और नाकाबंदी कर फरार ट्रक तथा चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।



