सुरज वाधवानी की रिपोट
जनपद सामान्य सभा में क्षेत्र की 15 प्रमुख समस्याएं उठीं
जनपद सदस्य कविता महेश यादव ने स्कूल, आंगनबाड़ी, मुक्तिधाम, बिजली और पेयजल से जुड़े मुद्दों पर की त्वरित कार्रवाई की मांग

तखतपुर। जनपद पंचायत तखतपुर की सामान्य सभा में क्षेत्र क्रमांक 13 की जनपद सदस्य कविता महेश यादव ने अपने क्षेत्र के विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े जनहित के 15 प्रमुख मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, पेयजल, सड़क, स्वच्छता एवं विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाना आवश्यक है।
सभा में उन्होंने ग्राम ठाकुरकापा स्थित आंगनबाड़ी भवन के जर्जर होने का मुद्दा उठाते हुए नए भवन के निर्माण की मांग की। वहीं ग्राम सकेती में मुक्तिधाम निर्माण की आवश्यकता बताते हुए इसके लिए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की। उन्होंने कोड़ापुरी शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में चपरासी (भृत्य) के रिक्त पद पर नियुक्ति की मांग करते हुए कहा कि कर्मचारी के अभाव में विद्यालय का संचालन प्रभावित हो रहा है।

इसके अलावा उन्होंने प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय के जर्जर भवन, मध्यान्ह भोजन किचन शेड की खराब स्थिति, विद्यालय तक पहुंचने वाली जर्जर सड़क, विद्यालय परिसर में धंस चुके पेयजल नलों, पानी निकासी व्यवस्था के अभाव तथा बच्चों के लिए बर्तन धोने की समुचित व्यवस्था नहीं होने की समस्या भी सदन के समक्ष रखी।

कविता महेश यादव ने कोड़ापुरी आंगनबाड़ी केंद्र में बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि बाउंड्री वॉल नहीं होने से छोटे बच्चों की सुरक्षा प्रभावित होती है तथा पशुओं का भी परिसर में प्रवेश होता है।
उन्होंने ग्रामीण पेयजल टंकी का खुला ढक्कन, गलियों में नीचे लटक रहे बिजली के तार, लो-वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने के लिए नए विद्युत सब-स्टेशन की स्थापना, विद्यालय में बाउंड्री वॉल निर्माण तथा लगभग 300 विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त शौचालय एवं बाथरूम निर्माण की मांग भी रखी।
जनपद सदस्य ने सामान्य सभा से आग्रह किया कि सभी जनहित के मुद्दों पर आवश्यक राशि स्वीकृत कर संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं तथा स्थल निरीक्षण कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।



