लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा ने ‘डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट हंगर’ के तहत ग्राम भिलोनी में की सेवा गतिविधि
शासकीय प्राथमिक शाला के बच्चों को कराया स्वादिष्ट भोजन और फल वितरण
बिलासपुर। लायंस क्लब इंटरनेशनल संस्था बिलासपुर वसुंधरा द्वारा ‘डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट हंगर’ के अंतर्गत ग्राम भिलोनी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में एक विशेष सेवा गतिविधि का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मध्याह्न भोजन को प्राथमिकता देते हुए स्कूली बच्चों के लिए विशेष रूप से खीर, पूरी, सब्जी और ताजे फलों का वितरण किया गया।



कार्यक्रम में अध्यक्ष पीएमजेएफ संजना मिश्रा जी का विशेष सहयोग रहा, वहीं पूरे कार्यक्रम का सफल संयोजन एवं आयोजन सचिव मंजू मिश्रा जी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी, जोन चेयरपर्सन रश्मि लता मिश्रा, कोषाध्यक्ष गायत्री कश्यप, उपाध्यक्ष मंगला कदम, उषा मुदलियार, शोभा चाहिल, सावित्री जायसवाल, विनीता मिश्रा और रेणुका मसीह ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी सदस्यों ने स्वयं उपस्थित रहकर बच्चों को दोपहर का भोजन परोसा और सेवा गतिविधि में अपना योगदान दिया।
हर माह 4 से 5 हंगर सेवा का संकल्प
शासकीय और विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में मध्याह्न भोजन का अत्यधिक महत्व होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा ने ‘फूड फॉर हंगर’ को अपना स्थायी (परमानेंट) प्रोजेक्ट बनाया है। क्लब द्वारा हर माह जरूरतमंद क्षेत्रों में खाद्य सामग्री का वितरण किया जाता है। जब बच्चे अपना मनपसंद भोजन पाकर खिलखिलाते हैं, तो सेवा करने वालों को असीम आत्मसंतुष्टि मिलती है। इसी उद्देश्य से क्लब परिवार प्रति माह 4 से 5 हंगर सेवा कार्यक्रम आयोजित करता है, जिसमें सभी सदस्य क्रमबद्ध रूप से अपना योगदान देते हैं।
स्कूल प्रबंधन ने जताया आभार
कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में शासकीय प्राथमिक शाला भिलोनी के प्रधान पाठक संजय राजपूत जी का सराहनीय योगदान रहा। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा का हृदय से आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसी सेवा गतिविधियों के माध्यम से स्कूल में आते रहने का आग्रह किया।














