गणेश उत्सव को लेकर तिल्दा-नेवरा थाना परिसर में समन्वय बैठक आयोजित
तिल्दा-नेवरा: आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना तिल्दा-नेवरा परिसर में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीओपी (विधानसभा) वीरेंद्र चतुर्वेदी, एसडीएम श्री कोठारी, थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी एवं तहसीलदार तिल्दा की उपस्थिति में गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, कोटवारों और पत्रकारों ने भाग लिया।


अधिकारियों ने शासन और पुलिस विभाग द्वारा जारी गाइडलाइन से सभी को अवगत कराया। समितियों को कानून-व्यवस्था, यातायात, ध्वनि सीमा (डीजे नियंत्रण) और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
मुख्य दिशा-निर्देश व अपील:
अस्त्र-शस्त्र पर रोक: जुलूस एवं विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।धार्मिक मान्यतानुसार विसर्जन: पुलिस एवं प्रशासन ने अपील की है कि श्री गणेश भगवान का विसर्जन धार्मिक एवं हिंदू मान्यताओं के अनुसार ही किया जाए। त्वरित सूचना: किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समिति के सदस्यों ने शांतिपूर्ण आयोजन और प्रशासनिक गाइडलाइन का पूर्ण पालन करने का आश्वासन दिया है। तिल्दा-नेवरा पुलिस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट है।














