ब्युरो रिपोट जय खटवानी कांकेर
आतुरगांव में जर्जर पुलिया को लेकर ब्लॉक कांग्रेस का नेशनल हाईवे पर चक्काजाम, एनएचएआई के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन
कांकेर: राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ग्राम आतुरगांव में लंबे समय से बदहाल एवं क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण व मरम्मत की मांग को लेकर आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर के नेतृत्व में उग्र प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन के चलते बसें, ट्रक और कई अन्य छोटे-बड़े वाहन घंटों फंसे रहे, जिससे आम यात्रियों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


आतुरगांव की यह पुलिया पिछले काफी समय से जर्जर स्थिति में है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों ग्रामीण, छात्र, किसान और यात्री जान जोखिम में डालकर गुजरते हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद प्रशासन द्वारा ध्यान न दिए जाने पर आज कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।
एसडीओ के आश्वासन पर खुला जाम
आंदोलन की सूचना मिलते ही एनएच (NH) विभाग के एसडीओ दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं से बात की और आधिकारिक आश्वासन दिया कि कल से ही जर्जर पुलिया पर पेचवर्क (मरम्मत) का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा। एसडीओ के ठोस आश्वासन के बाद ब्लॉक कांग्रेस ने चक्काजाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
प्रमुख बयान:
- सरजू शोरी (वरिष्ठ कांग्रेस नेता): “ग्राम आतुरगांव की यह पुलिया आए दिन हादसों को न्योता दे रही थी। ग्रामीण और छात्र हर दिन डर के साए में सफर करने को मजबूर थे। अगर वादे के मुताबिक कल से काम शुरू नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी इससे भी बड़ा उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।”मृदुला भास्कर (जिला पंचायत सदस्य): “जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को बार-बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन जब तक सड़क पर उतरकर चक्काजाम नहीं किया गया, तब तक अधिकारी नहीं जागे। हम मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर पूरी नजर रखेंगे।”














