संवाददाता जय प्रकाश यादव
तखतपुर क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, 3 वर्षीय बच्ची को बचाने आई दादी की चाकू गोदकर निर्मम हत्या, आरोपी फरार।
तखतपुर । तखतपुर क्षेत्र के सकरी थाना अंतर्गत ग्राम मेंड्रा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक सिरफिरे युवक द्वारा तीन वर्षीय मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाने के लिए ले जाने का प्रयास किया गया। जब बच्ची की बुजुर्ग दादी ने इसका विरोध किया और बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपी ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सैदा निवासी आरोपी प्रशांत शुक्ला ग्राम मेंड्रा में तीन साल की एक मासूम बच्ची को उसके घर से उठाकर दुष्कर्म की नीयत से कहीं एकांत में ले जा रहा था। इसी दौरान बच्ची की दादी राजकुमारी यादव (58 वर्ष) की नजर उस पर पड़ गई।
अपनी पोती की जान बचाने के लिए साहसी दादी तुरंत मौके पर पहुँची और आरोपी को रोकने का प्रयास किया। गुस्से में आकर आरोपी प्रशांत शुक्ला ने अपने पास रखे धारदार चाकू से वृद्ध महिला पर हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गया। हमले में राजकुमारी यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने बच्ची को सुरक्षित पहुँचाया घर
घटना के वक्त मची अफरा-तफरी के बीच आसपास के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए मासूम बच्ची को सुरक्षित उसके घर पहुँचाया। ग्रामीणों ने तुरंत इस गंभीर घटना की सूचना सकरी थाना पुलिस को दी।
फरार आरोपी प्रशांत शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।


