संवाददाता रुपचंद अग्रवाल
बिल्हा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया विजयादशमी पर्व, भारी भीड़ के बीच हुआ रावण दहन
बिल्हा:बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयादशमी बिल्हा में बेहद धूमधाम के साथ मनाया गया। स्थानीय शासकीय अग्रसेन महाविद्यालय के मैदान में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक मान. धरमलाल कौशिक जी एवं क्रेडा अध्यक्ष मान. भूपेंद्र सवन्नी जी के मुख्य आतिथ्य में रावण दहन का कार्यक्रम संपन्न हुआ।

राम राज्य की संकल्पना ही हमारा प्रमुख उद्देश्य: धरमलाल कौशिक
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक धरमलाल कौशिक जी ने कहा कि भगवान राम के आदर्शों व विचारों को घर-घर तक पहुँचाकर राम राज्य की संकल्पना को साकार करना ही हमारा प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कलयुग में रावण की विचारधारा पर प्रहार करते हुए कहा कि आज भेष बदलकर देश की एकता व अखंडता के लिए खतरा बनने वाली ताकतों को पहचानकर उनका लोकतांत्रिक तरीके से समूल नाश करना आवश्यक है।

धर्म और संस्कृति की रक्षा का संदेश: भूपेंद्र सवन्नी
क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी जी ने अपने संबोधन में कहा कि देश विरोधी ताकतों को जड़ से खत्म कर राम राज्य की स्थापना करना और देश की संस्कृति की रक्षा करना हम सबका कर्तव्य है। तभी हम अपने धर्म और संस्कृति को सुरक्षित रख सकते हैं।

भव्य झांकी और राम धुन से गूंजा बिल्हा
कार्यक्रम से पूर्व राम सप्ताह के तहत भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान जी की भव्य झांकी निकाली गई। झांकी में राम धुन की टोलियाँ, पारंपरिक कर्मा नृत्य और रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजी वानर सेना “जय श्री राम” के जयकारों के साथ शहर की सड़कों पर उतरी। पीपल चौक पर मान. धरमलाल कौशिक एवं भूपेंद्र सवन्नी द्वारा राम धुन टोलियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

भीड़ के कारण 45 मिनट थमा रावण दहन का क्रम
अग्रसेन कॉलेज मैदान की ओर उमड़ी हजारों की भारी भीड़ और जाम की स्थिति के कारण राम सेना कुछ देर के लिए फंसी रही, जिससे लगभग 45 मिनट तक यातायात बाधित रहा और प्रतीकात्मक रूप से रावण को कुछ समय का जीवनदान मिला। हालांकि, अंततः सत्य की जीत हुई और अहंकार के प्रतीक रावण का पुतला दहन किया गया। आतिशबाजी ने दर्शकों का मन मोह लिया और राम-रावण युद्ध की एक झलक पाने के लिए लोगों में भारी उत्साह देखा गया।
सराहनीय सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में पुलिस प्रशासन, नगर पंचायत, जिला रावण समिति के सदस्यों के साथ-साथ जिला भाजपा मंत्री देवेंद्र कौशिक, नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेंड्रे, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, पुनीता डहरिया, मोहन ढोरिया और सर्व समाज के गणमान्य नागरिकों का योगदान अत्यंत प्रशंसनीय रहा।


