बिलासपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: पड़ोसी का रास्ता रोककर छेड़छाड़ और मारपीट करने वाला आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार
बिलासपुर:थाना हिर्री क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सकर्रा में एक महिला का जबरन रास्ता रोककर छेड़छाड़, बेइज्जत करने और मारपीट करने वाले आरोपी को हिर्री पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस तत्परता से इलाके में कानून व्यवस्था का कड़ा संदेश गया है।

घटना 20 अक्टूबर 2026 की दोपहर लगभग 12:00 बजे की है। प्रार्थीया ने थाना हिर्री में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पड़ोसी उसे अपमानित करने की नीयत से जबरन रास्ता रोककर छेड़छाड़ और मारपीट कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 333/2026, धारा 126(2), 74, 115(2), 351(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हिर्री निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित सुरागकशी करते हुए आरोपी शिवम कौशिक (27 वर्ष, निवासी सकर्रा) की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे 20 अक्टूबर की शाम 7:40 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, पीएसआई उषा निषाद, सउनि दिवाकर सिंह और आरक्षक जितेन्द्र कुमार जगत की उल्लेखनीय भूमिका रही।


