पुलिस स्मृति दिवस: बिलासपुर में शहीद जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि एवं सलामी
पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने शहीदों की नामावली का किया वाचन, शहीद परिजनों को किया सम्मानित द्वितीय वाहिनी छ.स.ब. सकरी में भव्य परेड का आयोजन, वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को किया गया नमन

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज द्वारा दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को द्वितीय वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छ.स.ब.), सकरी-बिलासपुर के परेड ग्राउंड में ‘पुलिस स्मृति दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का न्योछावर करने वाले पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर सलामी दी गई।

अनुशासित परेड और सलामी
कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर रेंज की विभिन्न इकाइयों—जिला पुलिस बल बिलासपुर, जिला पुलिस बल मुंगेली, द्वितीय वाहिनी छ.स.ब. सकरी, नगर सेना बिलासपुर तथा जिला जेल बिलासपुर के पुलिस बैंड प्लाटूनों द्वारा भव्य एवं अनुशासित परेड का प्रदर्शन किया गया। परेड के माध्यम से जवानों ने शहीद वीरों के अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया।

शहीदों की नामावली का वाचन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) ने 01 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक की अवधि में देशभर में शहीद हुए पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की नामावली का वाचन किया। उन्होंने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि जवानों का यह त्याग और कर्तव्यनिष्ठा पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

शहीद परिजनों का सम्मान
इस अवसर पर आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने उपस्थित शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीयतापूर्वक मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव अमर रहेगा और देश उनकी राष्ट्रसेवा को कभी नहीं भूलेगा।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, डीआईजी/एसएसपी बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), डीआईजी/एसएसपी मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.се.), सेनानी द्वितीय वाहिनी छ.स.ब. श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय (रा.पु.से.), सेवानिवृत्त डीआईजी श्री पी.एस. ठाकुर, श्री एच.आर. मनहर, श्री टी. एक्का, सेवानिवृत्त एसपी श्री सी.डी. टण्डन, जिला सेनानी नगर सेना श्री दीपांकुरनाथ सैमुअल, एएसपी श्री पंकज कुमार पटेल, सहायक सेनानी श्री एच.एल. ध्रुव, श्रीमती किरण गुप्ता, डीएसपी श्रीमती मंजुलता केरकेट्टा, उच्च न्यायालय सुरक्षा डीएसपी श्री धर्मेन्द्र सिंह बैस सहित पुलिस व नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा शहीद जवानों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



It’s useful to learn about how this article covers building sustainable eating habits for people doing their own research.
Thanks for explaining how this article covers reading product claims critically in an easy-to-follow way.